पटना में 50 हजार रिश्वत लेते हेडमास्टर गिरफ्तार:मार्कशीट-सीएलसी जारी करने के लिए मांगे थे घूस
पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए संपतचक स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर के हेडमास्टर कुणाल प्रियदर्शी को घूस लेते गिरफ्तार किया है।हेडमास्टर 50 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या-076/26 के तहत गठित विशेष धावादल द्वारा की गई।
प्रधानाध्यापक को उनके विद्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय पकड़ा गया।गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा।
60,800 रुपये की अवैध राशि मांगी गई थी
यह कार्रवाई गौरीचक थाना क्षेत्र के गवसपुर निवासी अरुण कुमार सिंह की शिकायत पर की गई। सिंह ने आरोप लगाया था कि प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में सफल हुए 152 विद्यार्थियों के अंक प्रमाण-पत्र (मार्कशीट) और विद्यालय छोड़ने का प्रमाण-पत्र (सीएलसी) जारी करने के एवज में प्रति छात्र 400 रुपये की मांग कर रहे थे।
इस प्रकार कुल 60,800 रुपये की अवैध राशि मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए और रिश्वत की मांग प्रमाणित हुई।
निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई
इसके बाद निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।मंगलवार को टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की राशि दिलवाई गई। जैसे ही प्रधानाध्यापक ने 50 हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की राशि जब्त कर ली।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
