राजकीय सम्मान के साथ सेना के जवान को अंतिम विदाई:पार्थिव शरीर को बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि
समस्तीपुर ।मोहिउद्दीननगर प्रखंड के राजाजान गांव निवासी भारतीय सेना के जवान उमेश कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। तीन दिनों से पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्र के हजारों लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया और हर सबकी आंखें नम हो उठी।
गांव पहुंचने से पहले, नंदनी पंचायत स्थित पशुराम उच्च विद्यालय परिसर में सैकड़ों युवा हाथों में तिरंगा लेकर दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए थे। शव वाहन के वहां पहुंचने पर कुछ समय के लिए पार्थिव शरीर रखा गया, जहां लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को राजाजान गांव स्थित उनके पैतृक आवास लाया गया।
दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। रिमझिम बारिश के बीच निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए। पूरा क्षेत्र ‘वीर जवान अमर रहे’, ‘भारत माता की जय’ और ‘उमेश कुमार अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। श्रद्धांजलि और सम्मान के साथ दिवंगत सैनिक की अंतिम यात्रा रसलपुर गंगा घाट पहुंची, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।उनके बड़े पुत्र निखिल कुमार ने मुखाग्नि दी।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना में कार्यरत उमेश कुमार का तीन दिन पूर्व असम के गुवाहाटी में आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
