विभूतिपुर में सड़क हादसे में 11 साल की बच्ची की मौत:पिकअप ने मारी टक्कर
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में 11 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने घर के दरवाजे पर आइसक्रीम खा रही थी, तभी एक पिकअप ने उसे रौंद दिया।यह घटना उस समय हुई जब बच्ची घर के दरवाजे पर खड़ी थी और पास में खड़े पिकअप वाहन के चालक ने अचानक गाड़ी स्टार्ट कर दी। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। मृत बच्ची की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया वार्ड संख्या-2 निवासी रंजन रजक की बेटी निभा कुमारी के रूप में हुई है।
बच्ची के पिता करते हैं मजदूरी
मृतका के दादा संजय रजक ने बताया कि निभा कुमारी अपने घर के दरवाजे पर आइसक्रीम खा रही थी। उसी दौरान दरवाजे के पास खड़े पिकअप के चालक ने बिना ध्यान दिए गाड़ी स्टार्ट किया और पीछे की ओर बढ़ाते समय बच्ची उसकी चपेट में आ गई। बच्ची की चीख सुनने के बावजूद चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता रंजन रजक गांव में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। निभा चार भाई-बहनों में से एक थी।
विभूतिपुर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पिकअप गाड़ी की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत की सूचना मिली हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक और गाड़ी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
