मंडप में बैठते ही दूल्हे की बिगड़ी तबीयत,सात फेरे से पहले थम गई जिंदगी
मुजफ्फरपुर।सरिसवा।। मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा पंचायत के भरवलिया वार्ड संख्या-6 में गुरुवार को एक शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. विवाह के लिए पहुंचे दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिससे दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय जगदीश शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र शक्तिनाथ शर्मा की बारात धूमधाम और बैंड-बाजे के साथ पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चिकनी गांव पहुंची थी. यहां संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी के साथ रामगढ़वा के जानकी मंदिर में विवाह होना था. दूल्हा-दुल्हन विवाह के जोड़े में मंडप में बैठ चुके थे और कुछ ही देर में सात फेरे शुरू होने वाले थे.इसी बीच अचानक दूल्हे शक्तिनाथ शर्मा के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया. परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रक्सौल स्थित एसआरपीएस अस्पताल रेफर कर दिया.परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दूल्हे को मृत घोषित कर दिया.
दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गईं.दुल्हन के हाथों की मेहंदी अधूरी रह गई और जिस घर में दुल्हन की विदाई की तैयारी थी, वहां से दूल्हे का शव वापस लौटा. गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.मृतक के बड़े भाई कर्मा शर्मा ने बताया कि शक्तिनाथ तीन भाइयों में सबसे छोटा था. माता-पिता का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो चुका है.
उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बारात रामगढ़वा पहुंची थी और करीब तीन बजे शादी की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी यह दुखद घटना घट गई.घटना के बाद परिजनों की स्थिति बेहद व्यथित है.परिजन अभी भी इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि शक्तिनाथ अब इस दुनिया में नहीं रहा.परिवार के कुछ लोग यह कहते नजर आए कि शरीर अभी गर्म और हाथ-पैर नरम हैं, इसलिए वे किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
