समस्तीपुर:मोहर्रम जुलूस में कहासुनी के बाद मर्डर:बदमाश ने चाकू से किया हमला
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भुट्टा चौक पर मुहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक का मर्डर हुआ है। चाकू गोद कर हत्या की गई है। मृतक की पहचान वासुदेवपुर पंचायत के गोपालपुर गांव निवासी मोहम्मद जबार के 25 साल के बेटे मोहम्मद जावेद के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, ताजिया जुलूस में अखाड़ा प्रदर्शन के दौरान दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों जुलूस से कुछ दूरी पर चले गए, जहां एक युवक ने जावेद के सीने में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल जावेद को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
डीएसपी बोले- आरोपी की तलाश कर रहे
सदर-2 डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पांच दिन पहले हुए विवाद का मामला भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
इधर, विद्यापति में शुक्रवार को जुलूस निकाला गया है।
शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम संपन्न हो इसके लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुरुवार देर शाम तक फ्लैग मार्च किया । इसके साथ ही बिजली की आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए विभाग की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार ने मोहर्रम के दौरान जुलूस में कच्चे बांसों के इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। साथ ही जुलूस वाले सभी रूटों पर विद्युत मानव बालों की तैनाती की गई है, ताकि वह किसी भी आपात स्थिति को संभाल सकें।
मुसरीघरारी में 30 ताजियों का होगा मिलान
सरायरंजन प्रखंड के मुसरीघरारी चौक पर 30 से अधिक ताजियों का मिलान होगा। जहां पर विभिन्न क्षेत्रों के अखाड़ा कमेटी के सदस्य पारंपरिक शास्त्रों का प्रदर्शन करते हैं अपने-अपने खेल का जौहर दिखाते हैं। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारी की गई है।ताजिया मिलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है। जिस कारण रूट भी बदले गए हैं। यहां सुबह 9:00 से जुलूस का आना शुरू होगा जो देर रात जाकर समाप्त होगा।
शहर में निकाला फ्लैग मार्च
मोहर्रम को लेकर शहर के नगर एवं मुफस्सिल थाने की पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। जो शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया एवं शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम मनाने का आह्वान किया। इसके अलावा जिले के दलसिंहसराय, पटोरी, रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीम द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में 500 से अधिक पुलिस फोर्स को लगाया गया है। डीएम रोशन कुशवाहा ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आपसी भाईचारे के बीच मुहर्रम मनाने का आह्वान किया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
