NEET एग्जाम में सॉल्वर गैंग का खुलासा:हाजीपुर में फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
हाजीपुर में नीट परीक्षा के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। एक परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी पाए जाने के बाद एक फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया। नगर थाना पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 21 जून 2026 को जी ए इंटर स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई। केंद्राधीक्षक अंजना सिंह ने पुलिस को बताया कि परीक्षार्थी रवि रंजन कुमार (रोल नंबर- 1503106191) परीक्षा देने पहुंचा था। प्रारंभिक प्रवेश के समय उसका एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और चेहरा सही पाए गए थे।
दोबारा जांच में परीक्षार्थी का थंब इम्प्रेशन नहीं हुआ मैच
हालांकि, दोपहर करीब 3 बजे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने केंद्राधीक्षक को सूचित किया कि उक्त परीक्षार्थी संदिग्ध है और उसकी बायोमेट्रिक जांच दोबारा कराई जाए। दोबारा जांच में परीक्षार्थी का थंब इम्प्रेशन मेल नहीं खाया।
शाम 5 बजे एनटीए के निर्देश पर केंद्र के अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। बार-बार बयान बदलने के बाद उसने अपनी असली पहचान उजागर की। उसने बताया कि उसका वास्तविक नाम राम बहादुर राय (27 वर्ष) है, जो वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के कैला जलालपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया
केंद्राधीक्षक के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी राम बहादुर राय के खिलाफ बीएनएस 2023 और द पब्लिक एग्जामिनेशन प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। नगर थाने के एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि नीट परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
