पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के एलाइनमेंट में बदलाव से प्रभावित केएसआर कॉलेज का आइसा के प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण,
समस्तीपुर/सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत पटना–पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के मार्ग परिवर्तन की घटना की जांच आइसा जिला सचिव सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने की। टीम में आइसा कार्यालय सचिव राजू झा और सह सचिव नीतीश राणा शामिल थे।
एक्सप्रेसवे के मार्ग बदलने से सरायरंजन में स्थित केदार संत रामाश्रय महाविद्यालय व इंटर कॉलेज का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। यह प्रखंड का सबसे पुराना डिग्री कॉलेज है, जहां लगभग 6 हजार छात्र–छात्राएं पढ़ाई करते हैं। महाविद्यालय 5–6 बीघा में अवस्थित है, जिसमें से 3.5 बीघा जमीन एनएचआई एक्सप्रेसवे निर्माण में लेगा। इससे महाविद्यालय भवन ही शेष बचेगा और इंटर कॉलेज तो समाप्त हो जाएगा, साथ ही डिग्री कॉलेज का अस्तित्व भी खतरे में आ जाएगा।
आइसा जिला सचिव सुनील कुमार ने कहा कि यदि एक्सप्रेसवे कॉलेज परिसर से गुजरेगा तो शोर–गुल के बीच शैक्षणिक परिसर की शांति और एकाग्रता पूरी तरह प्रभावित होगी। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण महत्वपूर्ण संस्थान, घनी आबादी और बाजार क्षेत्र से अलग, कम प्रभावित क्षेत्रों में होना चाहिए। लेकिन एनएचआई द्वारा कॉलेज के दक्षिण में सर्वेक्षण चिह्न लगाने के बावजूद कॉलेज और घनी आबादी वाले क्षेत्र को एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए चुनना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यालय सचिव राजू झा ने कहा कि स्थानीय विधायक सह उपमुख्यमंत्री मार्ग परिवर्तन पर चुप्पी तोड़ें और छात्र एवं आम नागरिक के हित में एनएचआई के नए एलाइनमेंट पर रोक लगवाएं। कॉलेज के दक्षिण में पूर्व के सर्वेक्षण स्थल पर ही पटना–पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कराने के लिए हस्तक्षेप करें, ताकि छात्र अपना भविष्य बना सकें और आम नागरिक अपना घर टूटने से बचा सकें।
आइसा नेताओं ने कहा कि मार्ग बदलने से कॉलेज के साथ सैकड़ों घर और दुकानें एक्सप्रेसवे की जद में आएंगी, जिससे छात्र, अभिभावक और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप लगाया कि मार्ग परिवर्तन मंत्री विजय चौधरी के रिश्तेदार की जमीन बचाने के लिए किया गया है।
आइसा सरकार से मांग करती है कि एक्सप्रेसवे के मार्ग परिवर्तन पर रोक लगे और निर्माण कॉलेज के दक्षिण–पूर्व के सर्वेक्षण स्थल पर हो। अन्यथा आइसा केएसआर कॉलेज बचाने के लिए आर–पार की लड़ाई लड़ेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
