आंधी में 50 साल पुराना पाकड़ का पेड़ गिरा,बड़ा हादसा टला
मोतिहारी।बंजरिया. प्रखंड के पचरूखा मध्य पंचायत अंतर्गत सिसवनिया गांव में शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया. इस दौरान गांव स्थित एक 50 साल पुराना विशाल पाकड़ का पेड़ धराशायी हो गया. गनीमत रही कि इस घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मिली जानकारी के अनुसार उक्त पेड़ गांव के ही निवासी मो. खुरम के दरवाजे पर स्थित था. शुक्रवार की संध्या जब अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और मूसलाधार बारिश शुरू हुई, तो देखते ही देखते यह विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर आ गिरा. स्थानीय लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका दहल उठा.
जिस समय यह घटना घटी, यदि वहां कोई व्यक्ति या मवेशी होता, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था. संयोग ही था कि पेड़ गिरने के दौरान वहां कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. पचरूखा मध्य पंचायत के मुखिया मो. सलवातुल्लाह उर्फ आदिल राणा ने बताया कि पेड़ गिरने के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई थी. उन्होंने कहा कि शुक्र है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही घर को कोई विशेष क्षति पहुंची. पेड़ गिरने के कारण रास्ता कुछ देर के लिए अवरुद्ध हो गया था, जिसे बाद में ग्रामीणों के सहयोग से चालू हो गया.