Patna

कमला तटबंध से पलटी शराब लदी पिकअप,3000 बोतल देसी शराब जब्त

मधुबनी।झंझारपुर के भैरवस्थान थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 बोतल देसी शराब से लदे पिकअप वाहन को जब्त किया. पुलिस को देखकर भागने के क्रम में तेज रफ्तार पिकअप कमला नदी के तटबंध से नीचे गिर गई. हादसे में चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए. पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार भैरवस्थान थाना की एसआई प्रिया कुमारी और सशस्त्र बल की टीम को सूचना मिली थी कि नेपाल के लदनियां बॉर्डर की तरफ से भारी मात्रा में शराब की खेप पिकअप से लाई जा रही है. सूचना पर पुलिस ने समिया के पास घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भाग निकला. बेनीपुर की ओर भागते समय पिकअप अनियंत्रित होकर कमला तटबंध से नीचे नदी के आहाते में जा गिरी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे दोनों धंधेबाजों को बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया. बाद में क्रेन की मदद से पिकअप को तटबंध से ऊपर लाया गया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

 

तलाशी में वाहन से नेपाली देशी ब्रांड की 3000 बोतल शराब बरामद हुई.

थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के जयंतीपुर निवासी लालबाबू यादव और उसके साथी बाजितपुर थाना क्षेत्र के परौल गांव निवासी दिनेश मुखिया के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. जब्त पिकअप को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.

घटना के बाद तटबंध के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने में जुटी है. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, बावजूद इसके तस्कर नेपाल बॉर्डर के रास्ते शराब लाने का प्रयास कर रहे हैं.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!