Patna

अवैध बालू खनन पर हुई कार्रवाई:चार वाहन जब्त, 11.96 लाख का जुर्माना वसुला 

मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी के सख्त निर्देश पर जिले में बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाया जा रहा छापेमारी अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में मीनापुर थाना क्षेत्र के चंद परना गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी तट पर जिला प्रशासन और खनन विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध बालू खनन के एक बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है. त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से अवैध बालू परिवहन में संलिप्त चार वाहनों को जब्त कर लिया है. जांच के दौरान कुल 22,000 घनफीट सफेद बालू के अवैध खनन और प्रेषण का मामला उजागर हुआ है. इस मामले में दोषी वाहन मालिकों पर कुल 11 लाख 96 हजार 500 रुपये का भारी आर्थिक दंड लगाया गया है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

अंधेरे का फायदा उठाकर भागे चालक, मालिकों पर कसा शिकंजा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मीनापुर थाना अंतर्गत चंद परना गांव से सटे बूढ़ी गंडक नदी तट पर दबिश दी. जांच में पाया गया कि बिना किसी वैध अनुमति के धड़ल्ले से सफेद बालू का अवैध खनन कर उसे ट्रकों व ट्रैक्टरों पर लादा जा रहा था.

 

 

 

छापेमारी के दौरान रात के अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन चालक मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. खनन विभाग द्वारा साक्ष्यों और जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित वाहन मालिकों को दोषी पाया गया, जिसके बाद बिहार खनिज नियमावली के तहत उन पर ₹11.96 लाख का जुर्माना ठोका गया है.

राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाने और पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ने वाले अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 

 

 

अवैध बालू उत्खनन से न केवल सरकार को चूना लग रहा है, बल्कि नदी तटों के कटाव और जलधाराओं के स्वरूप बदलने का भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है. मीनापुर थाने में वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ केस संख्या 273/26 दर्ज कर ली गई है. जिलाधिकारी ने कहा है कि इस सिंडिकेट में शामिल सभी चेहरों की पहचान कर उनके खिलाफ खनन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.इस संयुक्त कार्रवाई में पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक और मीनापुर थाना के एएसआई एवं पुलिस बल शामिल थे.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!