समस्तीपुर:कमला नदी में डूबने से किशोर की मौत, पसरा मातम
समस्तीपुर।बिथान.मलमास माह की समाप्ति के बाद त्रिवेणी संगम (कमला – करेह – कोसी) में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के जगमोहरा गांव निवासी 14 वर्षीय लड़के की कमला नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद संगम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, जगमोहरा गांव निवासी बृजू सिंह का पुत्र अनिकेत कुमार अपने परिजनों एवं अन्य साथियों के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान करने पहुंचा था।
स्नान के दौरान अनिकेत और उसके कुछ साथी नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी की ओर चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अनिकेत नदी की तेज धारा में और अधिक गहराई तक बह गया। काफी प्रयास के बाद भी अनिकेत को समय रहते नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही बिथान थाना की पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को अपने कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष राज किशोर राय ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया गया है तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।