दरभंगा जंक्शन पर लिफ्ट में फंसे 14 यात्री,रेल पुलिस की तत्परता से सभी सुरक्षित निकाले गए
दरभंगा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 पर यात्री लिफ्ट सोमवार की शाम अचानक खराब हो जाने से उसमें 14 यात्री फंस गए. लिफ्ट में महिला एवं बच्चे भी सवार थे. हालांकि जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5.08 बजे कई यात्री प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 पर स्थापित लिफ्ट में सवार हुए. लिफ्ट कुछ ऊपर जाने के बाद अचानक रुक गई. बंद लिफ्ट में फंसे यात्रियों को घुटन महसूस होने लगी और उन्होंने सहायता के लिए शोर मचाया. इसके बाद लिफ्ट में अंकित आपातकालीन नंबर पर सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी शिवशंकर यादव के नेतृत्व में जीआरपी की टीम तथा आरपीएफ निरीक्षक पुखराज मीणा के नेतृत्व में आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे. बचाव दल ने लिफ्ट का फाटक काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. लगभग नौ मिनट के भीतर, शाम 5.17 बजे तक सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
घटना के बाद डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से संबंधित लिफ्ट के संचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया है. साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
सूत्रों के अनुसार लिफ्ट का रखरखाव करने वाली जॉनसन कंपनी के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि क्षमता से अधिक यात्रियों के प्रवेश करने के कारण लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी, जिससे सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने पर वह बीच में रुक गई.
उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग छह महीनों में यह चौथी बार है जब जंक्शन की लिफ्ट में यात्री फंसने की घटना सामने आई है. बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से लिफ्ट एवं एस्केलेटर के रखरखाव की व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
