मऊ बाजार में पथराव-फायरिंग का विरोध:नाराज दुकानदारों ने बाजार बंद रखा
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ बाजार में दुकान खाली कराने के विवाद ने शुक्रवार देर शाम हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान भारी पथराव और फायरिंग की घटना हुई, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के विरोध में शनिवार को आक्रोशित व्यवसायियों ने मऊ बाजार बंद रखा और प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद ढाई धुर जमीन को लेकर है। मऊ बाजार निवासी गोविंद कुमार साह ने स्व. ईश्वर साह के पुत्र से यह जमीन खरीदी है। इसी जमीन पर मिठाई की दुकान चलाने वाले प्रभात साह और गोविंद कुमार साह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
प्रभात साह का कहना है कि उन्होंने एक पक्ष से वर्ष 2027 तक का वैध किरायानामा (एग्रीमेंट) कराया है और इसके एवज में ढाई लाख रुपये भी दिए हैं। इसके बावजूद उन पर दुकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था।पीड़ित प्रभात साह ने आरोप लगाया कि शुक्रवार देर शाम एक दर्जन से अधिक लोगों ने उनकी दुकान खाली करवाने की कोशिश की। विरोध करने पर पथराव शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई।
इस अचानक हुई घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अपर थानाध्यक्ष अराधना कुमारी ने बताया कि एक पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
