राज्य के 50 लाख परिवारों तक अगले 2 वर्ष में पहुंचेगी सौर ऊर्जा:मुख्यमंत्री
पटना.बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले 2 वर्ष में राज्य के 50 लाख परिवारों तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जाएगी। वे शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी लोगों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ जरूर लगाने की अपील की।
बिजली उपभोक्ताओं को ₹23,000 करोड़ की सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा:
“बिहार सरकार बिजली उपभोक्ताओं को अनुदान के रूप में 23,000 करोड़ रुपए दे रही है, जो राज्य के अपने संसाधन की करीब एक तिहाई राशि है। इतनी बड़ी सब्सिडी कहीं नहीं दी जाती।”
पहले चरण में 5 लाख घरों पर लगेंगे सोलर प्लेट
सरकार सभी घरों में सोलर युक्त बिजली उत्पादन यंत्र लगाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
पहला चरण: शुरुआती चरण में 5 लाख लोगों के घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाए जाएंगे।
वित्तीय सहायता: इसके लिए केंद्र सरकार 33,000 रुपए देगी और बाकी की राशि राज्य सरकार वहन करेगी। इसके लिए यदि लोन लेने की जरूरत पड़ी, तो वह भी लिया जाएगा।
शुरुआत: केंद्र सरकार से एमओयू (MoU) कर इसी महीने इस योजना की शुरूआत की जायेगी।
अतिरिक्त बिजली खरीदेगी सरकार, बढ़ेगी आमदनी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिन उपभोक्ताओं के यहां सोलर प्लांट से 125 यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा, उनसे राज्य सरकार अतिरिक्त बिजली खरीदेगी। इसकी राशि सीधे उनके बैंक अकाउंट में भेज दी जाएगी, जिससे यह आमदनी का एक जरिया बनेगा। इस मुहिम से जीविका दीदियों को भी जोड़ा जाएगा और उन्हें इसके लिए अलग से इंसेंटिव दिया जाएगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों पर महिलाओं को विशेष अनुदान
पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने महिलाओं से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने का आग्रह किया। इसके तहत:
इलेक्ट्रिक स्कूटी: खरीद पर सरकार 12,000 रुपये का अनुदान दे रही है।
चारपहिया इलेक्ट्रिक व्हीकल: खरीद पर सरकार की ओर से 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
एनडीए सरकार ने किया 43 करोड़ पौधरोपण
सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से अब तक बिहार में एनडीए की सरकार ने 43 करोड़ पौधरोपण किया है। उन्होंने अधिकारियों को जेपी गंगा पथ पर 1 लाख पौधे लगाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभाग के जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
