“मौसम का हाल:27 जिलों में 9 जून तक बारिश का यलो अलर्ट:डेहरी में सबसे ज्यादा पारा 43.6 डिग्री
“मौसम का हाल:बिहार के 27 जिलों में 7 से 9 जून तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
राज्य में इन दिनों मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में एक ओर जहां बारिश हो रही है, वहीं कुछ जिलों में अब भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है।पिछले 24 घंटे के दौरान रोहतास के डेहरी में राज्य का सबसे अधिक तापमान 43.6 दर्ज किया गया। इसके अलावा बक्सर, कैमूर, छपरा और पटना समेत कई जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
वहीं इस दौरान आकाशीय बिजली से जमुई, मुंगेर, बांका और बक्सर में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
बिहार में एक तरफ तेज धूप और दूसरी तरफ बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति एक जैसी नहीं है। उत्तर और पूर्वी बिहार में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है।वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है।
यही कारण है कि एक ओर किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और दरभंगा जैसे इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि दूसरी ओर रोहतास, कैमूर और बक्सर में तापमान ज्यादा है।
पटना में आज बादल छाए रह सकते
राजधानी पटना में शनिवार को कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को भी पटना में बादल छाए रह सकते हैं।हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल बन रहे हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रहती है तो अगले कुछ दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो सकती हैं।मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवा को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
