पत्नी की चचेरी सास संग फरार हुआ पति,बेटे को भी ले गया
पटना.नरकटियागंज : पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक विवाहिता ने अपने पति पर उसकी चचेरी सास के साथ फरार होने का आरोप लगाया है. इतना ही नहीं, पति अपने साथ पांच वर्षीय बेटे को भी ले गया है. पीड़िता ने शिकारपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
एक ही गांव में हुई है शादी
शिकारपुर थाना क्षेत्र के ठठवा गांव निवासी सकिना खातून ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसकी शादी छोटका ठठवा गांव निवासी अब्दुल्ला शेख के साथ हुई है. दोनों के वैवाहिक जीवन से दो बच्चे हैं. सकिना का आरोप है कि उसका पति उसकी चचेरी सास के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है और जाते समय पांच साल के बेटे को भी अपने साथ ले गया.
जान मारने की दे रहा धमकी
पीड़िता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि पति लगातार फोन पर उसे धमकी दे रहा है. उसने केस नहीं करने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी है. सकिना का कहना है कि वह पति की धमकियों से भयभीत है और अपने तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है.
जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
