Vaishali

ट्रक लूट की झूठी घटना के आरोप में मालिक व चालक गिरफ्तार

वैशाली.जंदाहा हाजीपुर एन एच 322 मार्ग में जंदाहा थाना के सलहा पावर ग्रिड के पास बीते रविवार की देर रात ट्रक लूट की घटना ट्रक मालिक, चालक एवं ट्रक क्रेता द्वारा बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से झूठी लूट की सूचना पुलिस को दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने लूटी गई ट्रक तथा दो मोबाइल बरामद किए। पुलिस ने इस लूट की झूठी घटना की साजिश करने वाले ट्रक चालक, ट्रक मालिक तथा ट्रक क्रेता को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते रविवार की रात ट्रक मालिक समस्तीपुर जिला के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के नीरपुर निवासी गौरी शंकर झा तथा समस्तीपुर जिला के पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर मोहमदा निवासी ट्रक चालक दिनेश पोद्दार ने जंदाहा थाना को सूचना दी कि एन एच 322 मार्ग में सलहा पावर ग्रिड के पास चार पहिया वाहन सवार अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनका ट्रक तथा चालक का मोबाइल फोन लूट लिया है। जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैशाली विक्रम सिहाग के निर्देशानुसार एसडीपीओ महुआ संजीव कुमार के नेतृत्व में जंदाहा थाना अध्यक्ष अनामिका कुमारी के साथ टीम का गठन किया गया। टीम की जांच के दौरान कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। ट्रक चालक तथा ट्रक मालिक के बयानों में विरोधाभास भी मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की। अनुसंधान तथा पूछताछ के क्रम में यह जानकारी मिली कि कथित ट्रक लूट की घटना वास्तविक नहीं थी। ट्रक चालक, ट्रक मालिक तथा ट्रक क्रेता ने बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से सुनियोजित षड्यंत्र के तहत झूठी लूट की कहानी गढ़ी। उन्होंने पुलिस को भ्रामक सूचना दी।

 

पुलिस अनुसंधान में यह भी बात सामने आई कि ट्रक मालिक उक्त वाहन को पहले ही बेच चुका था। बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से वाहन लूट का झूठा नाटक रचा गया। बताया गया है कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने समस्तीपुर तथा मुजफ्फरपुर जिले में छापेमारी की। मुजफ्फरपुर के तेपरी से उक्त ट्रक बरामद किया गया। ट्रक बरामदगी के दौरान पाया गया कि ट्रक की मूल नंबर प्लेट बदल दी गई थी। इंजन तथा चेसिस संबंधी पहचान में भी छेड़छाड़ की गई थी। ट्रक को परिवर्तित स्वरूप में संचालित किया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। मामले से संबंधित अन्य मोबाइल फोन तथा साक्ष्य भी विधिवत जब्त किए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से झूठी लूट की कहानी रचने की बात स्वीकार की। उन्होंने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तथा अन्य विवरण में बदलाव करने की बात भी स्वीकार की। एसडीपीओ महुआ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उक्त मामले में ट्रक चालक दिनेश पोद्दार, ट्रक मालिक गौरी शंकर झा तथा ट्रक क्रेता अखिलेश कुमार उर्फ मतल राय को गिरफ्तार किया गया है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!