बॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची युवती से गैंगरेप, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल,पांच आरोपी गिरफ्तार
पटना।सुगौली: थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. बॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची एक युवती को कुछ युवकों ने पहले वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार युवती अपने परिचित रवी कुमार से मिलने छोटा बंगरा सरेह पहुंची थी. बताया जाता है कि रवी कुमार मंझौलिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा निवासी सुरेश यादव का पुत्र है. इसी दौरान छोटा बंगरा निवासी कंचन चौधरी का पुत्र जपाल चौधरी, टीमल चौधरी का पुत्र सूरज कुमार, कैलाश चौधरी का पुत्र मोहन कुमार तथा फुलवरिया निवासी रम्भू महतो का पुत्र दिलीप कुमार वहां पहुंच गए. आरोप है कि सभी युवकों ने पहले युवती और उसके साथी का वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया. इसके बाद युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया गया. घटना को लेकर इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.
लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदात समाज के लिए बेहद शर्मनाक है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. घटना की जानकारी मिलते ही मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया. एसडीपीओ सदर -1 दिलीप कुमार और थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर रातभर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के महज दो घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद देर रात तक चले अभियान में बाकी तीन आरोपियों को भी दबोच लिया गया. पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है.
इधर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी भेजा गया है. वहीं मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल फोन और वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि अदालत में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें.
पुलिस ने गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है.
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कड़ी सजा दिलाई जाए. हालांकि पुलिस द्वारा महज आठ घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने से लोगों ने राहत भी जताई है. यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और समाज में बढ़ती आपराधिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. इलाके में लोग इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अपराध के साथ पुलिस जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है. अपराध करने वालों को किसी अभी हाल में बक्सा नहीं जाएगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
