समस्तीपुर:जहरीली गैस से एक मजदूर की मौत:सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान हादसा
समस्तीपुर के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में एक सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलते समय बड़ा हादसा हुआ है। जहरीली गैस के कारण दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन बेहोश हो गए। घटना शाहरू गांव की है।मृतक की पहचान पलटन ठाकुर(60) के तौर पर हुई है। बेहोश होने वाले मजदूरों में बहेरी निवासी कन्हाई मंडल(30), शाहरू गांव के झिलमिल दास(50) और अजय गाढ़ा(45) शामिल है।
जानकारी के अनुसार, पलटन ठाकुर ने कुछ दिन पहले अपने पुराने मकान में एक टैंक बनवाया था। सोमवार को टैंक के अंदर लगी सेंटरिंग खोलने के लिए मिस्त्री झिलमिल दास, मजदूर अजय गाढ़ा और कन्हाई मंडल के साथ टैंक में उतरे थे। अंदर जाते ही एक-एक करके बेहोश होने लगे।
चीख-पुकार सुनकर घर के सदस्य पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद चारों को टैंक से बाहर निकाला। सभी को शिवाजी नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद पलटन को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों को डीएमसीएच रेफर किया गया है।
छानबीन में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
