जेसीबी-ट्रेलर जब्त, तीन गिरफ्तार,अवैध बालू खनन पर वन विभाग की कार्रवाई
बगहा में अवैध बालू खनन को लेकर वन विभाग और खनन माफियाओं के बीच तनाव का मामला सामने आया है.कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने एक जेसीबी, एक ट्रेलर तथा दो बाइक जब्त की हैं, वहीं तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. घटना हरनाटांड़ वन क्षेत्र की बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार शनिवार शाम वन विभाग को सिंगड़हवा दोन गांव के पास अवैध बालू खनन की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर हरनाटांड़ वन क्षेत्र की टीम मौके पर छापेमारी करने पहुंची.
इस दौरान वहां मौजूद मुख्य आरोपी नौरंगिया दोन निवासी भगेलू साह समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि भगेलू साह ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों को बुला लिया और वनकर्मियों के साथ अभद्रता की. फॉरेस्टर समेत अन्य वन कर्मियों के साथ मारपीट की गई तथा उनका मोबाइल भी छीन लिया गया.घटना की सूचना मिलते ही वन प्रमंडल-2 के डीएफओ विकास अहलावत के निर्देश पर हरनाटांड़, गनौली, मदनपुर और चिउटाहा वन क्षेत्रों से अतिरिक्त वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया। गोबरहिया थाना पुलिस को भी सूचना दी गई. इसके बाद संयुक्त कार्रवाई में वन विभाग ने एक जेसीबी, एक ट्रेलर और दो बाइक जब्त कर हरनाटांड़ वन क्षेत्र कार्यालय लाया। वहीं मौके से कांतिलाल उरांव समेत दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया.
घटना में घायल वनकर्मी विवेक कुमार, अश्विनी ठाकुर, गणेश कुमार और रविशंकर राम को इलाज के लिए हरनाटांड़ पीएचसी में भर्ती कराया गया.डीएफओ विकास अहलावत ने बताया कि वन क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में लगातार अवैध बालू खनन की शिकायत मिल रही थी. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने वनकर्मियों के साथ अभद्रता की. उन्होंने कहा कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
