आईटीआई परीक्षा के बाद स्टेशन पर उमड़ी भीड़, पुलिस पहुंची
बेगूसराय.बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित आईटीआई-2026 प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। बेगूसराय जिला मुख्यालय के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में छात्र पहुंचे थे। दोपहर बाद परीक्षा समाप्त होते ही शहर की सड़कों से लेकर रेलवे स्टेशन तक परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
अपने-अपने घर और गंतव्य की ओर लौटने के लिए बड़ी संख्या में छात्र रेलवे स्टेशन पहुंच गए, जिससे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर अचानक काफी भीड़ जमा हो गई। स्थिति ऐसी हो गई कि प्लेटफॉर्म पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेनों के पहुंचते ही छात्र डिब्बों में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। जनरल बोगियों से लेकर स्लीपर कोच तक छात्रों से खचाखच भरे दिखे।
अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस सक्रिय हो गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मुस्तैदी के साथ भीड़ को नियंत्रित किया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने प्लेटफॉर्म पर कतारबद्ध तरीके से छात्रों को ट्रेनों में चढ़ाया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनने दी गई। वहीं लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार छात्रों से धैर्य बनाए रखने और चलती ट्रेन में नहीं चढ़ने की अपील की जाती रही। सुरक्षा बलों की सतर्कता और निगरानी के कारण भारी भीड़ के बावजूद रेलवे स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में रही।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
