वैशाली में महिला का शव रखकर क्लीनिक पर तोड़फोड़:इलाज में लापरवाही का आरोप
वैशाली के कटहरा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर सेहान पंचायत स्थित एक निजी क्लीनिक ‘ग्रामीण चिकित्सक परामर्श केंद्र’ में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने 50 वर्षीय महिला मुस्कान देवी का शव क्लीनिक में रखकर तोड़फोड़ की और घंटों प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्लीनिक की घेराबंदी कर शव को अपने कब्जे में लिया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई।
डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि निजी क्लीनिक के डॉक्टर भूषण ने इलाज में लापरवाही बरती, जिसके कारण मुस्कान देवी की मृत्यु हो गई। उनका कहना है कि मुस्कान देवी का इलाज इसी निजी अस्पताल में चल रहा था।कुछ ग्रामीणों ने बताया कि मुस्कान देवी की मौत घर पर ही हुई थी, जिसके बाद शव को क्लीनिक पर लाकर तोड़फोड़ की गई। मृतका के पति देवेंद्र कुमार उर्फ टुन्नु ने जानकारी दी कि उनकी पत्नी को आज सुबह पेट दर्द हुआ था।
3 दिन पहले ननद की शादी में आई थी गांव
मुस्कान देवी की शादी लगभग 11 वर्ष पहले देवेंद्र कुमार उर्फ टुन्नु से हुई थी। उनकी अपनी कोई संतान नहीं थी, जिसके बाद उन्होंने 2021 में अपने साढ़ू के बेटे, 11 वर्षीय रोहित कुमार को गोद लिया था। मुस्कान देवी तीन दिन पहले ही अपनी ननद की शादी में गांव आई थीं।कटहरा थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। FSL टीम भी जांच में जुटी है। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
