एनएच-28 पर पार्सल वैन पलटी:लगा लंबा जाम, चालक फरार
बेगूसराय।बरौनी थाना क्षेत्र के मोती चौक के पास रविवार को एनएच-28 पर एक तेज रफ्तार पार्सल पिकअप वैन पलट गई। इस दुर्घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, तेघड़ा से जीरो माइल की ओर जा रही पार्सल लदी पिकअप वैन (बीआर06जीसी-4370) तेज गति में थी। मोती चौक के निकट अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर बरौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष विकास कुमार रंजन के निर्देश पर एसआई अभिजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर पलटी हुई वैन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
बरौनी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-28 पर बेलगाम रफ्तार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
