पटना सिटी में नौ दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह:राज्यपाल ने जोड़े को दिया आशीर्वाद
पटना सिटी में मंगलवार को वैष्णो स्वावलंबन जन कल्याण संस्था द्वारा आयोजित एक समारोह में नौ दिव्यांग जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इन जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें गृहस्थ जीवन में प्रवेश कराना सबसे बड़ी सामाजिक सेवा है।
राज्यपाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया
राज्यपाल ने समाज से दिव्यांगों के प्रति अधिक समावेशी दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। सामूहिक विवाह समारोह के लिए संस्था द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरी रीति-रिवाज और परंपरा के अनुसार जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर फेरे लिए।इस दौरान दिव्यांग दूल्हे अपनी दुल्हनों को लेने पहुंचे, जिसका वहां मौजूद लोगों ने स्वागत किया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए शहर के कई समाजसेवी, राजनीतिक हस्तियां और स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने पुष्प वर्षा कर नवविवाहित जोड़ों का स्वागत किया।
विधायक रामकृपाल यादव भी रहे मौजूद
पूर्व मंत्री सह विधायक रामकृपाल यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे। संस्था की अध्यक्ष कुमारी वैष्णवी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन दिव्यांग व्यक्तियों को सहारा देना है, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से विवाह करने में हिचकते थे। संस्था ने विवाह समारोह के साथ-साथ नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक उपहार और सामग्री भी भेंट की।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
