सोशल मिडिया पर हुआ प्यार, मंदिर में सात फेरे,प्रेमी युगल ने किया शादी
पटना. बेतिया।योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर पंचायत अंतर्गत जगदम्बापुर भरपटिया स्थित शिव मंदिर में एक प्रेमी जोड़े की शादी पूरे सामाजिक रीति-रिवाज और ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे सामाजिक सहमति का उदाहरण मान रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ रामपुरवा गांव निवासी झुन्नू चौधरी (25 वर्ष), पिता रामेश्वर चौधरी, का पिछले करीब चार माह से भरपटिया नवका बसीना टोला निवासी भागमनी कुमारी (19 वर्ष), पिता नरेश चौधरी, के साथ मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत हो रही थी। धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।
बताया जाता है कि बीते दिनों युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों और परिजनों को इसकी भनक लग गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को पकड़ लिया और दोनों को गांव के शिव मंदिर लाया गया। शुरुआत में माहौल थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण रहा, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के अभिभावकों और ग्रामीणों के बीच आपसी बातचीत शुरू हुई।
काफी विचार-विमर्श के बाद जब यह स्पष्ट हो गया कि दोनों युवक-युवती एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते हैं, तब परिजनों ने भी सहमति दे दी। इसके बाद गांव के ही शिव मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई।
शादी के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने इस विवाह को देखने के साथ-साथ नवदंपति को आशीर्वाद भी दिया। पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे और अन्य विवाह संस्कार पूरे कराए गए।
शादी के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल देखा गया। जहां पहले स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण थी, वहीं विवाह के बाद माहौल पूरी तरह से खुशनुमा हो गया। ग्रामीणों ने भी इस पहल को सराहा और कहा कि सामाजिक सहमति से इस तरह का निर्णय लेना एक सकारात्मक संदेश देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां प्रेम प्रसंग कई बार विवाद का रूप ले लेते हैं, वहीं इस तरह का शांतिपूर्ण और सहमति से संपन्न विवाह समाज के लिए एक अच्छा उदाहरण है। फिलहाल यह शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
