बेगूसराय:संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत:सूट पहनने पर पति से हुआ था झगड़ा
बेगूसराय में देवर की शादी से पहले एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के बगवाड़ा गांव (वार्ड नंबर- 6) की है। मृतका की पहचान राहुल साह की पत्नी पिंकी देवी (32) के रूप में हुई है।मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। घर के बगल में ही चचेरे देवर अंकित की आज शादी था। जिसमें शामिल होने के लिए पिंकी दो दिन पहले ही दिल्ली से आई थी और उसने सूट पहना था। इसी बात को लेकर पति राहुल साह के साथ उसका विवाद शुरू हो गया।
परिजनों का कहना है कि राहुल को पिंकी का सूट पहनना नागवार गुजरा और वह साड़ी पहनने के लिए कह रहा था। इस पर पिंकी ने सफाई देते हुए कहा था कि वह अभी काम की वजह से सूट पहनी हुई है और जब बारात जाएगी, तो वह कपड़े बदलकर साड़ी पहन लेगी।लेकिन विवाद इतना बढ़ा कि मामला मारपीट और फिर संदिग्ध मौत तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही पिंकी के मायके वाले बगवाड़ा गांव पहुंचे। मृतका के भाई और अन्य रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि पिंकी को उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर मारा है।
साड़ी पहनने को लेकर मम्मी-पापा में झगड़ा
मृतका की बेटी छोटी ने बताया कि साड़ी पहनने को लेकर मम्मी-पापा में झगड़ा हुआ था। मम्मी सूट पहने हुए थी और पापा साड़ी पहनने के लिए कह रहे थे। इसी को लेकर झगड़ा हुआ था। पापा और तीन चाचा सौरभ, राजेश और अजय ने मिलकर मेरी मां को मार कर लटका दिया।मृतका के भाई और देवपुरा गांव के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेरे जीजा राहुल गांव में ही रहकर बिस्कुट फैक्ट्री में काम करते हैं। जबकि दीदी अपने चार बच्चों के साथ दिल्ली में मेरी मां के पास रहती थी। उसके चचेरे देवर अंकित की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए जीजा ने दो दिन पहले ही फोन करके बुलाया था।पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहते था, लेकिन कल कपड़ा को लेकर विवाद हुआ था। दोपहर में करीब 12:00 बजे मेरी बहन ने फोन किया कि मारपीट किया जा रहा है। फिर रात में मौत की सूचना मिली। हम लोग आए तो लाश पड़ी हुई थी। छत के बगल में वाले दीवार के सहारे फांसी लगाने की बात कही गई है, लेकिन वहां फांसी लगाने का कोई चिह्न नहीं है।
शरीर पर कई जगह मारपीट के निशान
शरीर पर कई जगह मारपीट के निशान हैं, उसके पति राहुल ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मारा है। घर के सभी लोग फरार हो गए हैं। आज पोस्टमार्टम के बाद हम लोग लाश लेकर आए तो घर में ताला लगा हुआ था। पड़ोसियों के सहयोग से लाश को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है। हत्यारे को पकड़ कर कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
