समस्तीपुर में पकड़ौआ विवाह के बाद घर से निकालने का आरोप:दुल्हन को घर में बैठाकर मारपीट की
समस्तीपुर में आरोप है कि कुछ लोगों ने ‘पकड़ौआ विवाह’ के बाद जबरन दुल्हन को लड़के के घर पहुंचाकर उसके माता-पिता को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित महिला ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई है।
पटोरी थाना क्षेत्र के जोड़ी पोखर गांव की निवासी सुशीला देवी ने अपने बेटे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की। उन्होंने बताया कि पटोरी थाना कांड संख्या 33/2026 के आरोपी राजवंशी कुमार उर्फ राजवंशी कुमार राय, राहुल कुमार, कुंदन कुमार, शंकर राय, वीर चंद्र राय, जयकुमार और लक्ष्मी कुमार ने उनके घर का ताला तोड़कर जबरन लक्ष्मी कुमारी नाम की लड़की को उनके घर में बैठा दिया।
आरोपियों ने मारपीट कर घर से बाहर निकाला
सुशीला देवी के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। यह घटना ‘पकड़ौआ विवाह’ के बाद हुई, जिसमें उनके बेटे की जबरन शादी कराई गई थी।सुशीला देवी ने बताया कि उनके बेटे नीतीश कुमार को 7 फरवरी 2026 को लाइब्रेरी जाते समय कुछ दोस्तों ने नशा खिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद चकवा जाली गांव की लक्ष्मी कुमारी (पिता शंकर राय) से उसकी जबरन शादी करा दी गई।
जब उनका बेटा रात भर घर नहीं लौटा, तो सुशीला देवी ने पटोरी थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान, उनके बेटे ने एक वीडियो वायरल किया, जिसमें उसने बताया कि उसे नशा खिलाकर जबरन शादी कराई गई है और उसे घर में बंद रखा गया है।वीडियो के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चार दिनों बाद नीतीश कुमार को बरामद किया। कोर्ट में उसका 164 का बयान दर्ज कराया गया है। इस मामले में पटोरी थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दो दिन थानेश्वर मंदिर में सोया
पीड़ित युवक नीतीश कुमार ने बताया कि 12 अप्रैल को वह कंपटीशन की परीक्षा देने को लेकर झारखंड गए हुए थे। इस बीच 15 अप्रैल को नामजद सभी आरोपी लक्ष्मी कुमारी को उनके घर पर लाकर घर का ताला तोड़कर जबरन घर में बैठा दिया और उनकी मां एवम पिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। युवक ने बताया कि वे अपनी माता-पिता के साथ दो दिन थानेश्वर मंदिर में सोया ।नशे की हालत में उसे पकड़ कर शादी कराया गया। वे इस शादी को नहीं मानते हैं। उन्होंने बताया कि मामला न्यायालय में चल रहा है। न्यायालय से जो भी आदेश होगा उसे आदेश का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जबरन लक्ष्मी कुमारी को उनके घर पर रखा गया है, उसे निकलवाने को लेकर एसपी के पास अपनी मां के साथ न्याय की गुहार लगाने पहुंचे है।
एसपी से युवक और सुशीला देवी की मुलाकात नहीं हुई। लेकिन हेड क्वार्टर कृष्ण कुमार दिवाकर को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है ।इस मामले में हेड क्वार्टर डीएसपी ने बताया कि युवक की ओर से दिए गए आवेदन की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
