बिहार में कार्यस्थल पर महिला शिक्षकों के साथ बढ़ी प्रताड़ना, दो हफ्ते में 15 शिकायत
पटना| स्कूल-कॉलेज में तैनात महिला शिक्षकों के साथ प्रताड़ना का मामला बढ़ रहा है। पिछले दो हफ्ते में ही 15 से अधिक महिला शिक्षकों ने महिला आयोग में शिकायत की है। मुंगेर, मधेपुरा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, भागलपुर, छपरा और औरंगाबाद की महिला शिक्षकों ने बिहार राज्य महिला आयोग में आवेदन दिया है।
समस्तीपुर के एक स्कूल की अंग्रेजी की शिक्षिका ने सहकर्मी शिक्षक बच्चे लाल सिंह (पूर्व पुलिसकर्मी) के खिलाफ शिकायत की है। बीएन मंडल विवि, मधेपुरा में संविदा पर तैनात महिला कर्मी ने कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा और उनके पीए पर बैड टच और देर शाम आवास पर बुलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मना करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। पीए राहुल रंजन ने भी दबाव डाला है।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा कि दो सप्ताह में शिक्षण संस्थानों में 15 महिला शिक्षकों ने कार्यस्थल पर उत्पीड़न की शिकायत की है। पहले भी शिकायतें आती थीं, लेकिन महीने में एक या दो शिकायतें आती थीं, लेकिन एक सप्ताह में हर दिन शिकायतें आ रही हैं। इसको लेकर शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर कार्यस्थल पर पॉश कमेटी के गठन की जानकारी मांगी गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
