समस्तीपुर:पागल कुत्ते का आतंक:6 से अधिक लोग घायल,जानवरों को भी काटा
समस्तीपुर।मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मदुदाबाद पंचायत के वार्ड संख्या 11 में एक पागल कुत्ते का आतंक फैल गया है। पिछले दो दिनों में इस कुत्ते ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कई लोग और पशु हुए घायल
घायलों में कंचन कुमारी, कृष कुमार और रामराजी सहनी सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। कुत्ते ने तीन बकरियों को भी घायल किया है। सभी घायलों को मोहिउद्दीननगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए। दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी दहशत है। लोगों का कहना है कि वे अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। कुत्ते की आक्रामकता के कारण वार्ड से गुजरने वाले राहगीर अब वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को मजबूर हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि कुत्ते का उत्पात पिछले दो दिनों से जारी है, लेकिन प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार पप्पू ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
