लव मैरिज के बाद मारपीट:लड़की के पिता ने लड़के के पिता-भाई का सिर फोड़ा
वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के सोहर्थी गांव में प्रेम प्रसंग में शादी के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के भाई और पिता पर हमला कर दिया।इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जंदाहा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घायल सोहर्थी गांव निवासी रामविलास शर्मा के पुत्र संदीप कुमार ने महिसौर थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि जब वे अपनी दुकान बंद कर घर पहुंचे और दरवाजे पर गाड़ी खड़ी कर रुके, तभी पहले से घात लगाए बैठे 10 से 12 लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
जब परिवार के अन्य सदस्य बचाने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
लड़की के पिता ने अपहरण कराया
यह घटना संदीप कुमार के छोटे भाई सरोज कुमार द्वारा पड़ोस की प्रीति कुमारी (राम नारायण शर्मा की पुत्री) से बीते सप्ताह प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर 26 मार्च को कोर्ट मैरिज करने के बाद हुई है। लड़की के पिता ने पहले बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस ने 11 अप्रैल को लड़की को बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था। प्रीति ने न्यायालय में अपने पति और सास-ससुर के साथ रहने की सहमति दी थी,जिसके बाद उसे लड़के वाले अपने घर ले आए थे। हालांकि, प्रीति के भाई और अन्य लोगों द्वारा लड़के की हत्या करने और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने की धमकी दी गई थी।
लड़की बोली- स्वेच्छा से पति के साथ रहना चाहती
प्रीति कुमारी का कहना है कि वह अपनी स्वेच्छा से पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन उसके परिवार वाले जानलेवा हमला करने की फिराक में हैं।उसने पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संदीप ने अपनी प्राथमिकी में गुड्डू शर्मा, राम नारायण शर्मा, राम सकल शर्मा, कांत लाल शर्मा, सुबोध शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, बिट्टू शर्मा, रोहित शर्मा और पप्पू शर्मा सहित नौ लोगों को नामजद किया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
