समस्तीपुर में चल रही गर्म हवा,सुबह 8 बजे ही चुभने लगती है धूप
समस्तीपुर।अप्रैल महीने की शुरुआत में ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है। आसमान से बरसती आग ने लोगों को बेहाल कर दिया है। पिछले 48 घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.9 व न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम अचानक गर्म और असहनीय हो गया है। लू जैसी स्थिति महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार तेज पछुआ हवा ने गर्मी की मार को और बढ़ा दिया है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम की यह तल्खी बरकरार रहेगी। पूर्वानुमान के मुताबिक 7-8 अप्रैल के बाद मौसम फिर करवट लेगा।
25.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और जो लोग बाहर निकल रहे हैं, वे चेहरे और शरीर को ढंककर ही निकल रहे हैं। सुबह 8 बजे के बाद ही धूप इतनी तीखी हो जा रही है कि पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय, गन्ने का जूस और बेल के शरबत की दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं।
डिहाइड्रेशन से बचें डॉ. विनय कुमार झा ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पिएं और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें।मौसम विभाग ने भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की संभावना कम है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
