तुम पति को तलाक दो,मैं उससे शादी करुंगी’:BPSC टीचर की पत्नी-प्रेमिका का ऑडियो
समस्तीपुर.तुम अपने पति को तलाक दे दो। तलाक दोगी, तभी मैं उससे शादी करूंगी। मैं मानती हूं कि तुम इस बात के लिए तैयार हो, हम तीनों साथ रहेंगे, तुम्हें मुझसे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन मैं किसी की सौतन बनकर एक घर में एक छत के नीचे पति के साथ नहीं रह सकती।’
समस्तीपुर में BPSC टीचर की आत्महत्या मामले में एक ऑडियो सामने आया है। ऑडियो में मृतक BPSC टीचर, उसकी पत्नी और प्रेमिका के बीच बातचीत हो रही है। ऑडियो में मृतक BPSC टीचर रोते हुए अपनी प्रेमिका से बोल रहा है कि जब मेरी पत्नी तुम्हें साथ रखने को तैयार है तो अब क्यों झगड़ा कर रही हो।वहीं, मृतक BPSC टीचर के पिता का कहना है कि बेटे की 9 साल पहले शादी हुई थी। शादी के 6 साल बाद बेटे और बहू की एक साथ सरकारी जॉब हुई। 6 महीने पहले पोते का जन्म हुआ। घर में अब खुशियां आनी शुरू हुई थी, लेकिन लड़की ने सब कुछ छीन लिया।
मृतक BPSC टीचर, उसकी पत्नी और प्रेमिका के बीच बातचीत के ऑडियो में क्या है? BPSC टीचर ने आत्महत्या क्यों की? BPSC टीचर की प्रेम कहानी क्या है? टीचर के पिता का क्या कहना है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
पत्नी राइमा के साथ तरुण कुमार।(फाइल फोटो)
सबसे पहले जानिए मामला क्या है?
समस्तीपुर के मुसरीघरारी के हरपुर एलोथ स्थित वास्तु विहार कॉलोनी में गुरुवार की देर रात 32 साल के BPSC टीचर तरुण कुमार ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। तरुण की पत्नी राइमा प्रसाद (30) का आरोप है कि पति ने अपनी गर्लफ्रेंड सोनम कुमारी (बदला नाम) की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की है।राइमा के मुताबिक, गुरुवार की रात सोनम का कॉल आया था। मेरे सामने पति अपनी प्रेमिका से बातचीत करते हुए छत पर गए। मैं दूसरे कमरे में थी। पता नहीं कब, वे ऊपर वाले फ्लोर से नीचे आए और अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
तरुण कुमार अपनी पत्नी और छह महीने के बेटे के साथ मुसरीघरारी में रह रहे थे। तरुण मूल रूप से वैशाली के परमानंदपुर गांव के रहने वाले थे। तरुण और राइमा दोनों रामपुर केशोपट्टी के अपग्रेड मिडिल स्कूल में पढ़ाते थे।
समस्तीपुर के सदर अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद उसके पिता अभिनव कुमार ने बेटे की प्रेम कहानी की जानकारी दी। उन्होंने बताया, कि मैं वैशाली में रोजगार सेवक के पद पर हूं। मैंने साल 2017 में अपने बड़े बेटे की शादी राइमा से की थी। शादी के दौरान मेरा बड़ा बेटा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी ही कर रहा था। बहू राइमा भी उस वक्त पढ़ाई ही कर रही थी.उन्होंने कहा कि बेटे और बहू का एक-दूसरे से कमिटमेंट था। जब तक हम लोग अपने पैरों पर खड़े नहीं हो जाते, तब तक परिवार आगे नहीं बढ़ाएंगे। इसके बाद बेटा और बहू दोनों एक साथ मिलकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने लगे।
अभिनव ने बताया कि शादी के 6 साल बाद यानी साल 2023 में वो मौका आया, जब तरुण और बहू राइमा ने BPSC TRE-1 में सफलता पाई। दोनों एक साथ टीचर बनें। तरुण की पोस्टिंग मुजफ्फरपुर और राइमा की पोस्टिंग समस्तीपुर के केशोपट्टी गांव में हुई।उन्होंने बताया कि राइमा ने स्कूल के पास ही किराए का मकान लिया और बेटा-बहू एक साथ रहने लगे। बहू के स्कूल से 50 किलोमीटर दूर बेटे का स्कूल था। बेटा बस से रोजाना मुजफ्फरपुर आना-जाना करता था।
मुजफ्फरपुर के ही स्कूल में नालंदा की सोनम भी थी टीचर
अभिनव कुमार ने बताया कि नालंदा की रहने वाली सोनम ने भी 2023 में ही बीपीएससी टीआरई-1 में टीचर की जॉब पाई थी और मुजफ्फरपुर के उसी स्कूल में टीचर थी, जहां तरुण पढ़ाता था।
सोनम ने स्कूल के पास ही किराए का कमरा लिया था। स्कूल में तरुण और सोनम की बातचीत होने लगी, नजदीकियां बढ़ी। कुछ महीने बाद जब हम लोगों को तरुण और सोनम के बारे में पता चला तो मैं तरुण के स्कूल में पहुंचा और तरुण के साथ-साथ सोनम को भी समझाया।मैंने सोनम से कहा कि मेरा बेटा शादीशुदा है, छह महीने पहले पिता बना है, तुम दोनों का रिश्ता ठीक नहीं है। तुम दोनों के साथ-साथ राइमा का भी जीवन बिखर जाएगा। समझाने के बाद कुछ दिनों तक तरुण और सोनम एक दूसरे से नहीं मिलते थे, लेकिन बाद में सोनम ने दबाव डालकर दोबारा तरुण से नजदीकियां बढ़ा ली। इसको लेकर तरुण और राइमा के बीच झगड़े होने लगे।
सोनम से दूरी बनाने के लिए तरुण ने पत्नी के स्कूल में कराया ट्रांसफर
पिता अभिनव कुमार ने बताया, मार्च 2025 में तरुण ने सोनम से दूरी बनाने के लिए अपना ट्रांसफर कराया और समस्तीपुर आ गया। उसने अपनी पोस्टिंग राइमा के स्कूल में कराई। कुछ दिनों तक पति-पत्नी ठीक रहे। इसके बाद सोनम लगातार तरुण को कॉल करने लगी। इस बात की जानकारी मुझे हुई तो मैंने सोनम के पिता को कॉल कर इस बात की जानकारी दी और कहा कि ये बिल्कुल गलत हो रहा है, आप अपने बेटी को समझाइए।सोनम ने अपने पिता की भी बात नहीं मानी। इसके बाद सोनम ने तरुण पर लगातार प्रेशर बनाने लगी। वो लगातार दो महीने से तरुण पर तलाक का प्रेशर बना रही थी।
अब जानिए पुलिस का इस मामले में क्या कहना है?
ASP संजय पांडेय ने बताया कि शिक्षक ने फंदे से लटककर जान दी है। परिवार के लोगों ने एक महिला शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात बताई है। हालांकि अभी इस मामले पर लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
