बरौनी-कटिहार रेलखंड पर बड़ा हादसा:ट्रेन से कटकर रिटायर्ड राजस्व कर्मचारी की मौत
बेगूसराय रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक क्रास करने के दौरान हादसा हुआ है। मृतक की पहचान रिटायर्ड राजस्व कर्मचारी जनार्दन प्रसाद सिंह (70) के तौर पर हुई है। घटना बरौनी-कटिहार रेलखंड के लोहिया नगर गुमटी के पास की है।
जानकारी के अनुसार जनार्दन प्रसाद सिंह घर से कचहरी जाने के लिए निकले थे। डाउन लाइन में गेट नंबर-47 के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शायद ट्रेन की आवाज नहीं सुनी या दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाए। जिसके चलते हादसा हुआ है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी
मृतक के साला सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिदिन की तरह अपने काम से बाहर निकले थे, तभी उन्हें फोन पर इस हादसे की सूचना मिली। लोहिया नगर के ही किसी व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी कि ट्रेन की चपेट में आ गए हैं। करीब 40 साल से यहां रह रहे थे। सभी लोग उन्हें पहचानते थे, जिसके कारण तुरंत हादसे की सूचना मिल गई।सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। आरपीएफ अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि गेट नंबर-47 पर एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना मिली। हमलोग यहां पहुंचे तो उनके परिजन और स्थानीय लोग मौजूद थे। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इधर मौत के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। पूर्व वार्ड पार्षद ब्रजेश कुमार प्रिंस ने बताया कि जनार्दन बाबू बहुत ही मिलनसार और सज्जन व्यक्ति थे। इस उम्र में भी वे सक्रिय रहते थे। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरे लोहिया नगर मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
