समस्तीपुर जिले के 2820 सरकारी स्कूलों में फरवरी से टैब से बनाई जाएगी ऑनलाइन हाजिरी
समस्तीपुर.जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। समस्तीपुर जिले के 2820 सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अगले माह से शिक्षकों और स्कूली बच्चों की उपस्थिति टैब के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही मध्याह्न भोजन से संबंधित दैनिक रिपोर्ट भी टैब के जरिए ही भेजी जाएगी। शिक्षा विभाग ने इसे अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है
और आदेश का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।बिहार राज्य शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से समस्तीपुर जिले के 2820 स्कूलों को टैब उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय को दो टैब दिए गए हैं, जबकि अधिक नामांकन वाले स्कूलों में तीन टैब उपलब्ध कराए गए हैं। टैब वितरण का कार्य एजेंसी के माध्यम से पूरा किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत जैसे ही शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति दर्ज होगी, वह सीधे “ई-शिक्षा कोष” पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट हो जाएगी। हाजिरी बनाने में फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। इसके अंतर्गत वर्ग शिक्षक को संबंधित कक्षा के सभी बच्चों का सामूहिक फोटो भी अपलोड करना होगा, जिससे उपस्थिति की सत्यता सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से कई स्तरों पर सुधार होगा। सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि हाजिरी रजिस्टर भरने में लगने वाला समय बचेगा और शिक्षक उस समय का उपयोग पढ़ाई पर कर सकेंगे। वहीं, जिला और राज्य मुख्यालय स्तर से स्कूलों की सीधी मॉनिटरिंग संभव होगी। फर्जी हाजिरी और किसी भी तरह की हेराफेरी पर भी प्रभावी रोक लगेगी। इसके अलावा बच्चों की वास्तविक उपस्थिति का सही आंकड़ा मिलने से मध्याह्न भोजन योजना में होने वाली संभावित गड़बड़ियों को भी रोका जा सकेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
