समस्तीपुर:सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत:एनएच-122बी किया जाम
समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के एनएच-122बी पर एक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मारी थी, जिसके बाद सोमवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह हादसा रविवार, 25 जनवरी को हरपुर सैदाबाद पंचायत से गुजरने वाले एनएच-122बी पर रूनी भुइयां स्थान के पास हुआ था। बच्ची घर का सामान लेने के लिए सड़क पार कर रही थी, तभी उसे टक्कर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार शाम करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक छा गया।
बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-122बी को जाम कर दिया
मृतका की पहचान हरपुर सैदाबाद पंचायत निवासी दिनेश राम की पुत्री दिव्यांशु कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-122बी को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।जाम की सूचना मिलते ही पटोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
