पिस्टल साफ कर रहा था नाबालिग, मुंह में लगी गोली: 2 नाबालिग हिरासत में..
बेगूसराय में सरस्वती पूजा में एक युवक को मुंह में गोली लगी थी। पुलिस ने मामले में खुलासा किया है। जिसमें बताया गया है कि पिस्टल साफ करने के दौरान छीना-झपटी में मिस फायर हो गया था, इस वजह से हादसा हुआ। पुलिस ने पिस्टल के साथ 2 को हिरासत में लिया है। दोनों नाबालिग 16 साल के हैं।
एसपी मनीष ने कहा कि रतनपुर थाना क्षेत्र के हीरालाल चौक तरबन्ना मोहल्ला निवासी अजय राम के बेटे निक्कू कुमार को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में रतनपुर थानाध्यक्ष राजीव की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच की गई और अस्पताल में पूछताछ कर जानकारी ली गई।
बच्चे की स्थिति अभी गंभीर है
पूछताछ में पता चला कि पी. गुप्ता रोड निवासी अशोक राम का 16 वर्षीय बेटा और हीरालाल चौक तरबन्ना निवासी मोहम्मद फिरोज का 16 वर्षीय बेटा पिस्टल साफ कर रहा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच छीना झपटी में फायर होने से निक्कू को गोली लग गई। मौके पर से एक देसी पिस्टल, खोखा, माचिस, तेल का डब्बा और बिसलेरी का एक बोतल बरामद किया गया है.हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिग से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इन लोगों के पास पिस्टल कहां से आया, इसका भी पता लगाया जा रहा है। इलाज कर रहे डॉ. आदित्य ने बताया कि गोली ने जबड़े को तोड़ते हुए गर्दन के कुछ पार्ट को डैमेज किया है। सांस के नली में ब्लड जा रहा था, अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मां को कहा था, सरस्वती पूजा में जा रहा
तरबन्ना मोहल्ले में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया है। शनिवार की दोपहर में निक्कू कुमार अपने घर में मां को कहकर निकला कि सरस्वती पूजा में जा रहे हैं। इसके बाद शाम में घर वालों को सूचना मिली की निक्कू को गोली लग गई है, उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली लगने की सूचना मिलते ही परिजन दौड़े-भागे अस्पताल पहुंचे।
घायल की मां-पिता अजय राम ने बताया कि निक्कू ज्वेलरी दुकान में काम करता है। सरस्वती पूजा को लेकर मोहल्ले में प्रतिमा बैठाई गई थी। जिसमें वह शामिल हुआ और दोपहर में पूजा में जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम में उसके कुछ दोस्तों ने आकर बताया कि गोली लग गई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
