पार्सल पिकअप वैन की आड़ में गांजा तस्करी:एक गिरफ्तार, 234 किलो गांजा की खेप जब्त
पटना.मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गयाजी पुलिस ने बहेरा थाना क्षेत्र में पार्सल पिकअप वाहन से हो रही गांजा तस्करी का खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने करीब 234.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। डीएसपी-2 शेरघाटी अजय कुमार ने इस बात की जानकारी प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि बहेरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी। सूचना थी कि थाना क्षेत्र से होकर एक पिकअप पार्सल वैन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लिया गया और वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया।
डोभी-चतरा मेन सड़क पर संदिग्ध पिकअप वैन को रोका
एसडीपीओ शेरघाटी-2 अजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार, नारकोटिक सेल, मद्य निषेध विभाग व राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अधिकारी शामिल थे। टीम ने डोभी–चतरा मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया।वाहन की तलाशी ली गई। शुरू में कुछ भी असामान्य नहीं दिखा। लेकिन पुलिस को शक था। बारीकी से जांच की गई। इसके बाद पिकअप के अंदर बने गुप्त तहखाने का पता चला। तहखाना खोलते ही उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। वजन करने पर कुल 234.6 किलोग्राम गांजा पाया गया।
औरंगाबाद का रहने वाला है पकड़ा गया तस्कर
मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान दिलीप कुमार यादव के रूप में हुई है। वह औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। पुलिस को शक है कि यह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बहेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि पार्सल पिकअप की आड़ में तस्करी का यह नया तरीका सामने आया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
