आज का मौसम:उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क,तापमान में होगी हल्की बढ़ोतरी
आज का मौसम का हाल:samastipur,उत्तर बिहार के जिलों में मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया गया है. ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से जारी रिपोर्ट के अनुसार, आगामी पांच दिनों यानी 04 से 08 नवंबर के दौरान उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. इस अवधि में बारिश होने की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं जताई गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस अवधि में क्षेत्र में मुख्य रूप से पूर्वी हवाओं का प्रवाह देखने को मिलेगा. पूर्वा हवाओं के असर के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. पूर्वानुमान के अनुसार, अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, न्यूनतम तापमान 19 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है, जिससे हल्की गर्मी या उमस महसूस हो सकती है.
4 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इस दौरान हवाएं मुख्य रूप से पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी दिशा से 4 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75% से 95% के उच्च स्तर पर बनी रहेगी, जिसके चलते सुबह के वक्त हल्की धुंध और मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है. हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप खिलने के साथ ही दोपहर में आर्द्रता घटकर 30% से 40% के बीच आ जाएगी.
किसानों के लिए सलाह और कृषि गतिविधियों के अनुकूल रहेगा मौसम
मौसम के शुष्क बने रहने से किसानों को अपनी कृषि गतिविधियों को संचालित करने में सहूलियत होगी. किसान भाई कटी हुई फसलों की कटाई, मड़ाई और सुरक्षित रखवाली का कार्य आसानी से कर सकते हैं. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने खेतों में फसलों की मॉनिटरिंग जारी रखें और समयानुसार हल्की सिंचाई की आवश्यकता होने पर उसका प्रबंधन करें. साफ मौसम खेती-किसानी के कार्यों के लिए पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
