राष्ट्रीय स्तर पर ‘बाल विज्ञान कांग्रेस 2026’ के लिए होली मिशन हाई स्कूल के छात्र चयनित
समस्तीपुर.होली मिशन हाई स्कूल, मोहनपुर, समस्तीपुर के प्रांगण में विद्यालय की सभी शाखाओं (मोहनपुर, काशीपुर, सतमलपुर, दलसिंहसराय) के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति में प्रात:कालीन प्रार्थना सभा के समय 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के लिए होली मिशन हाई स्कूल के कक्षा दशम के होनहार छात्र ‘श्वेतांक संचित’ और अभिनव कुमार को उनके अभिनव विज्ञान प्रोजेक्ट ‘नेक्सोरा’ के लिए चयनित होने पर हजारों करतल ध्वनियों के बीच गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस कार्यक्रम का आगाज़ समस्तीपुर और पटोरी अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को प्रेरित करने के लिए होली मिशन हाई स्कूल, मोहनपुर में ही 32वीं बिहार बाल विज्ञान कांग्रेस की दो दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया था। तत्पश्चात ज़िला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस की प्रतियोगिता तिरहुत एकेडमी, समस्तीपुर में आयोजित की गई। यहाँ भी दोनों बाल वैज्ञानिकों ने अपनी अद्भुत वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा से राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के चयन में सफलता हासिल की। बेगूसराय के ‘माउंट लिट्रा’ हाई स्कूल में दिनांक 1-11-2026 से 3-11-2026 तक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहाँ महान वैज्ञानिकों व निर्णायक मंडल के बीच अपनी अद्भुत वैज्ञानिक क्षमता एवं कौशल का प्रदर्शन कर ये दोनों बांकुरे राष्ट्रीय स्तर के बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता के लिए चुने गए।
इस उपलब्धि से होली मिशन हाई स्कूल में खुशी का माहौल छा गया। इस बड़ी सफलता के मौके पर उपस्थित होली मिशन ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक डॉ. धर्मांश रंजन, प्राचार्य श्री अमृत रंजन, माननीया निदेशिका श्रीमती नैना रंजन, उप-निदेशक श्री आकर्ष रंजन और दलसिंहसराय के प्राचार्य श्री गंगा नारायण झा की गौरवपूर्ण उपस्थिति में दोनों बाल वैज्ञानिकों का करतल ध्वनियों से स्वागत एवं उत्साहवर्द्धन किया गया। उन्हें सफलता के लिए बधाई के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। विद्यालय के प्राचार्य श्री अमृत रंजन जी ने बच्चों की सफलता के पीछे उनके जुनून, जोश व लगन की तारीफ़ कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही इतनी बड़ी सफलता से जो हर्ष विद्यालय, ज़िला और बच्चों के माता-पिता को हुआ है, उसके लिए बच्चों के साथ-साथ उनके प्रोजेक्ट मार्गदर्शक विद्यालय के विज्ञान शिक्षक पूर्व प्राचार्य डॉ. एस. के. अहमद एवं वरीय विज्ञान शिक्षक श्री सरोज कुमार के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा कर, धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात् सभा की कार्यवाही समाप्त की।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
