दरभंगा में कार से 219 लीटर विदेशी शराब बरामद, चकमेहसी का युवक गिरफ्तार
दरभंगा: आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और सेवन के विरुद्ध मद्यनिषेध विभाग ने छापेमारी और विशेष अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में मब्बी थाना क्षेत्र के गेहूंमी के निकट एक कार से 219.045 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने कार जब्त कर मौके से समस्तीपुर जिले के चकमेहसी निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है.
अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभागीय टीम लगातार अभियान चला रही है. गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध पुलिस टीम ने गेहूंमी के निकट एक संदिग्ध वाहन पर नजर रखी. इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और उसे रोकने में सफलता प्राप्त की.
कार की तलाशी में मिली 219 लीटर शराब
वाहन रोकने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली. इस दौरान कार से 219.045 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-01एवी-4827 है. मद्यनिषेध विभाग की टीम ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया.
समस्तीपुर का युवक गिरफ्तार
मद्यनिषेध सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान समस्तीपुर जिले के चकमेहसी निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और सेवन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन और मद्यनिषेध विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
