सोनपुर मंडल में SWM Rules, 2026 के अनुपालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया
वैशाली।पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता पखवाड़ा–2026 एवं विशेष अभियान 6.0 (SCDPM 6.0) के अंतर्गत 11 अक्टूबर को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम (Solid Waste Management Rules, 2026) के अनुपालन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत रेलवे कर्मचारियों, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ (OBHS), पैंट्री एवं कैटरिंग स्टाफ, स्टेशन वेंडर्स तथा ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान कचरे के उचित पृथक्करण, बल्क वेस्ट जनरेटर की जिम्मेदारियों तथा नियमों के उल्लंघन पर लागू दंडात्मक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त, मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालयों में सरल भाषा में तैयार जागरूकता पोस्टर और सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री प्रदर्शित की गई। कर्मचारियों एवं वेंडर्स को कचरे को निर्धारित मानकों के अनुरूप अलग-अलग श्रेणियों में संग्रहित करने तथा उसके उचित निस्तारण की प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने हेतु जागरूकता संकल्प भी दिलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य SWM Rules, 2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित करना तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
सोनपुर मंडल द्वारा स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर के निर्माण के लिए जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
