दो साल से ओवरब्रिज निर्माण,महीनों से सड़क बंद;त्योहार से पहले जागा प्रशासन, शुरू होंगी बंद सड़क
दलसिंहसराय,ओवरब्रिज निर्माण की परेशानी और महीनों से बंद सड़क ने शहर की रफ्तार थाम रखी है.महावीर चौक से 32 नंबर रेलवे गुमटी तक मुख्य सड़क बंद रहने और वैकल्पिक रास्ते की बदहाली से लोग रोज जाम झेलने को मजबूर हैं.अब दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले इस समस्या को लेकर प्रशासन हरकत में आया है.अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने स्वयं स्थल निरीक्षण कर पुल निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर को सर्विस रोड की अविलंब मरम्मत कर उसे चालू करने का निर्देश दिया है.
32 नंबर रेलवे गुमटी पर पिछले दो वर्षों से ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है.इसी वजह से मुख्य सड़क पर आवागमन बंद है.विडंबना यह है कि पिछले कई महीनों से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी किसी कारण से रुका हुआ है.न पुल का काम आगे बढ़ रहा है और न बंद सड़क से लोगों को राहत मिल रही है.जर्जर वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम लगता है.इससे शहरवासियों के साथ बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है.
जनता दल यूनाइटेड के राज्य परिषद सदस्य सुनील कुमार बमबम ने जनहित में एसडीएम से मांग की थी कि जब तक ओवरब्रिज निर्माण दोबारा शुरू नहीं होता, तब तक सर्विस रोड की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल किया जाए.उनकी मांग पर एसडीएम ने स्थल निरीक्षण किया और संबंधित कंपनी को तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया.मौके पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिसार कुमार, अनिल सोनी समेत दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद थे.सर्विस रोड चालू कराने के निर्देश से शहरवासियों में राहत की उम्मीद जगी है.हालांकि, लोगों की असली परेशानी तभी दूर होगी,जब सड़क की मरम्मत पूरी कर आवागमन बहाल किया जाएगा.अब देखना है कि त्योहारों से पहले प्रशासन का यह निर्देश जमीन पर कितनी तेजी से उतरता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
