मुजफ्फरपुर:दो बच्चों की मां ने फांसी लगा दी जान, पति को पुलिस ने पकड़ा
मुजफ्फरपुर ,नवगछिया,नवगछिया | गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार स्थित रतनगंज गांव में 22 वर्षीय मधु कुमारी ने दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों ने मामले को संदेहास्पद बताते हुए स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर रविशंकर कुमार सिंह, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फंदे से शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता, जगन्नाथ सिंह, ने बताया कि मधु की शादी पांच वर्ष पूर्व आशीष कुमार सिंह से हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पिता के अनुसार, घर में किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मृतका का पति, आशीष, मधेपुरा में नशामुक्ति केंद्र का संचालन करता है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मृतका के पति आशीष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।