प्रशांत किशोर के सामने JDU नेता का सिर फोड़ा, बवाल के बाद तेजस्वी का राघोपुर दौरा रद्द
वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत स्थित भगतान टोला में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 13 बच्चों की मौत के बाद आयोजित दशकर्म कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. झड़प में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश सचिव अजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में गंभीर चोट आई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
13 बच्चों की मौत के बाद आयोजित था दशकर्म कार्यक्रम
बता दें कि बीते 13 अक्टूबर को राघोपुर में गंगा की सोती में नाव पलटने से 13 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी. इसी घटना के बाद मृत बच्चों के दशकर्म का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी भगतान टोला पहुंचे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दे रहे थे. इसी दौरान स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि गांव के एक व्यक्ति और स्थानीय JDU नेता के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.
बीच-बचाव करने पहुंचे JDU नेता पर हमला, सिर में लगी गंभीर चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे JDU के प्रदेश सचिव अजीत यादव पर हमला कर दिया गया. हमले में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल अजीत यादव को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. हालांकि, विवाद की असली वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
झड़प के बीच 10 मिनट में गांव से निकल गए प्रशांत किशोर
कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई हिंसक झड़प से मौके पर तनाव बढ़ गया. स्थिति बिगड़ती देख प्रशांत किशोर करीब 10 मिनट के भीतर अपने काफिले के साथ गांव से निकल गए. उनके समर्थक भी उनके साथ रवाना हो गए.
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद और JDU नेता के घायल होने के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी.
तेजस्वी यादव का दौरा रद्द, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर के पहुंचने के करीब एक घंटे बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पीड़ित परिवारों से मिलने आने वाले थे. हालांकि, गांव में तनाव और हिंसक झड़प की सूचना मिलने के बाद उनका दौरा एहतियातन रद्द कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. तनाव को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है.
आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.
13 बच्चों की मौत के बाद शोक में डूबे परिवारों के बीच दशकर्म कार्यक्रम के दौरान हुई इस हिंसक घटना से गांव का माहौल और तनावपूर्ण हो गया है. पुलिस की निगरानी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
