Patna

चलती ट्रेन की खिड़की से लटककर मोबाइल छीनने वाला शातिर गिरफ्तार,3 मोबाइलों संग दबोचा

पटना.जमालपुर (मुंगेर). चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सीआईबी टीम ने रविवार रात जमालपुर रेलवे स्टेशन से एक युवक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के लोहा पुल पड़िया निवासी बाबू साहब सहनी के पुत्र करण कुमार उर्फ प्रहलाद के रूप में हुई है. उसके बैग से तीन पुराने मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं. आरपीएफ के अनुसार, इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बतायी गयी है. पुलिस रिकॉर्ड के सत्यापन में आरोपी का नाम अलग-अलग थानों और रेल थानों में दर्ज नौ मामलों से जुड़ा मिला है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

गुप्त सूचना पर स्टेशन पर पहुंची सीआईबी की टीम

रेलवे सुरक्षा बल से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात सूचना मिली थी कि यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने और उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के इरादे से एक संदिग्ध व्यक्ति जमालपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है. इसके बाद सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. इसमें आरपीएफ के अधिकारी भी शामिल थे. टीम प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के भागलपुर छोर पर पहुंची. इसी दौरान काले रंग का बैग लेकर एक व्यक्ति तेजी से आता दिखाई दिया. सुरक्षा कर्मियों ने उसे रुकने के लिए आवाज दी, लेकिन वह भागने लगा. इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.

 

बैग की तलाशी में तीन पुराने मोबाइल बरामद

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करण कुमार उर्फ प्रहलाद और पता बरियारपुर थाना क्षेत्र का पड़िया गांव बताया. तलाशी के दौरान उसके बैग से तीन पुराने मोबाइल फोन बरामद किये गये. आरपीएफ के अनुसार, बरामद मोबाइल में सफेद रंग का पुराना एप्पल आईफोन था, जिसकी स्क्रीन लॉक थी और उसमें सिम कार्ड नहीं लगा था. इसके अलावा काले रंग का एक पुराना एंड्रॉयड मोबाइल बंद अवस्था में तथा नीले और गुलाबी रंग का एक पुराना कीपैड मोबाइल मिला.

 

बरियारपुर और जमालपुर के बीच ट्रेनों में चोरी करने की बात स्वीकारने का दावा

आरपीएफ के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले अलग-अलग बयान दिये. बाद में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि बरियारपुर और जमालपुर रेलवे स्टेशनों के बीच विभिन्न ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से तीनों मोबाइल चोरी किये थे. आरपीएफ का कहना है कि आरोपी इन मोबाइल फोन को जमालपुर में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने आया था. गिरफ्तारी के बाद उसे आरपीएफ पोस्ट लाया गया. मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना जमालपुर में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

 

आईसीजेएस रिकॉर्ड में नौ मामलों का जिक्र

आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास आईसीजेएस प्रणाली के माध्यम से सत्यापित किया गया. इसमें विभिन्न थानों और राजकीय रेल पुलिस थानों में दर्ज नौ मामलों में उसका नाम सामने आने की जानकारी मिली. इन मामलों में रेल थाना जमालपुर का वर्ष 2019 का मामला, बरियारपुर थाना के वर्ष 2020-21 और 2022 के मामले, वर्ष 2016 का एक मामला, जीआरपी पटना का वर्ष 2025 का मामला और सीआरपी भुवनेश्वर के वर्ष 2026 के दो मामले शामिल बताये गये हैं.

 

वायरल वीडियो में भी पहचान किये जाने का दावा

आरपीएफ ने बताया कि 4 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में एक व्यक्ति बरियारपुर और रतनपुर रेलवे स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन की खिड़की से लटककर मोबाइल फोन छिनने का प्रयास करता दिखाई दिया था. इसके बाद वह चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था. आरपीएफ के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान करण कुमार के रूप में की गयी थी. सीआईबी इंस्पेक्टर की लिखित शिकायत के आधार पर रेल थाना जमालपुर में कांड संख्या 83/26 दर्ज किया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जायेगी.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *