Samastipur

समस्तीपुर में लूट की साजिश नाकाम, 2 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ पांच गिरफ्तार

समस्तीपुर: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के दुधपुरा में जेल के पीछे रविवार रात पुलिस ने घेराबंदी कर लूट की साजिश रचने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, सभी हथियारबंद थे. मौके से चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, 20 कारतूस, चार मोबाइल और 32,400 रुपये नकद बरामद किए गए.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

रविवार को प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जेल चौक के नजदीक एक सुनसान जगह पर कुछ हथियारबंद बदमाश जुटकर अपराध की योजना बना रहे हैं. इसके बाद मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद और जिला सूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने सशस्त्र बलों के साथ मौके पर घेराबंदी की.

 

इस दौरान पांच लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्तौल, 20 कारतूस, चार मोबाइल और 32,400 रुपये नकद बरामद किए.

 

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपुर दुधपुरा वार्ड-4 निवासी राहुल कुमार, चकनूर धर्मपुर निवासी मो. रहमतुल्ला उर्फ साहेब, हसनपुर थाना क्षेत्र के भटवन वार्ड-10 निवासी दीपक कुमार उर्फ डॉक्टर, दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बसढिया वार्ड-10 निवासी चंदन कुमार उर्फ दीपक और वैशाली जिले के हसनपुर ओस्ती वार्ड-8 निवासी मो. तालिब के रूप में की है.

 

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार उर्फ डॉक्टर के खिलाफ समस्तीपुर और वैशाली जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, अपहरण, नक्सली गतिविधियों और आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब सात मामले दर्ज हैं.

 

वहीं, चंदन कुमार उर्फ दीपक के खिलाफ दलसिंहसराय, उजियारपुर, सरायरंजन और विभूतिपुर थानों में लूट, रंगदारी, छिनतई और आर्म्स एक्ट समेत नौ से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है. मो. रहमतुल्ला उर्फ साहेब के खिलाफ नगर थाना में आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं. मो. तालिब के खिलाफ महुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है. राहुल कुमार के खिलाफ मुफ्फसिल थाना में पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है.

 

महुआ में डकैती और ताजपुर में लूट की योजना का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस का दावा है कि गिरोह वैशाली जिले के महुआ में डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था. इसके अलावा, ताजपुर थाना क्षेत्र के एक घर में डकैती की योजना भी बनायी गयी थी. गिरोह ने वैशाली जिले में एक पोस्ट ऑफिस को लूटने का असफल प्रयास भी किया था.

 

सदर एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस की तत्परता से अपराधियों की योजना विफल हो गई. फरार चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

 

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना के पुअनि कंदन बास्की, अमित कुमार, दीपशीखा सिन्हा, राहुल कुमार, संदीप कुमार, सौरव कुमार सुमन, सिपाही रौशन कुमार, दिवास कुमार, मो. मुस्तफ सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *