ट्रक की चपेट में आया CNG ऑटो, ड्राइवर-पैसेंजर की मौत:5 घायल
वैशाली में रात करीब 1 बजे ट्रक और CNG ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी लोग हरियाणा से काम करके अपने घर लौट रहे थे।घटना महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर तीसीऔता थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों की पहचान तीसीऔता थाना क्षेत्र के डभइत गांव निवासी सुकेशर मांझी के बेटे अमरजीत मांझी (25) और ऑटो ड्राइवर लक्ष्मण राय (40) शामिल हैं। लक्ष्मण राय हाजीपुर से यात्रियों को लेकर लौट रहे थे।
अमरजीत पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में तीन साल की बेटी है, जबकि महज 15 दिन पहले ही उनके घर बेटे ने जन्म लिया था। घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ऑटो में सवार थे 7 लोग, 5 घायल
CNG ऑटो में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हुई,जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में समस्तीपुर जिला निवासी लखनदेव मांझी के बेटे शंभू मांझी (50), दशरथ मांझी के बेटे सुकुल मांझी (50) और रामजी सहनी के बेटे नीतीश कुमार (19) शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार,सड़क किनारे एक ट्रक के पिछले पहिए का स्टेपनी बदला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे सीएनजी ऑटो ने ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया। इसी क्रम में दूसरे ट्रक ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया।हालांकि,स्थानीय लोगों के इस दावे की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने घटनास्थल पर खड़े ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही तीसीऔता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा। वहीं दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। हादसे के बाद महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
