वैशाली में 21.9 ग्राम स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार:कैश और बाइक भी मिली
वैशाली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सराय थाना क्षेत्र के डालडा फैक्ट्री के पास छापेमारी कर 21.900 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 22,980 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के साथ ही इस कारोबार में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत सराय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, सराय थाना की टीम रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान एनडीपीएस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9031686471 पर सूचना मिली कि सराय थाना क्षेत्र के डालडा फैक्ट्री के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, लालगंज के नेतृत्व में छापेमारी की योजना बनाई गई। इसके बाद सराय थानाध्यक्ष ने दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से 21.900 ग्राम हेरोइन (स्मैक), 22,980 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस बरामद सामान की जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार, रत्नेश कुमार और प्रदीप कुमार के रूप में हुई है।
अंकित कुमार: पिता नागेंद्र राय, निवासी इनायतपुर प्रबोधी, थाना सराय, जिला वैशाली।
रत्नेश कुमार: पिता लखेन्द्र सहनी, निवासी भठंडी अकबर मलाही, थाना सराय, जिला वैशाली।
प्रदीप कुमार: पिता विश्वनाथ महतो, निवासी बिशनपुर काजीपुर, थाना काजीपुर, जिला वैशाली।
तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास हेरोइन कहां से आई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। बरामद मोबाइल फोन की जांच से भी मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस मामले में सराय थाना कांड संख्या 364/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य नशे की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
