Samastipur

Samastipur:पुल के पानी भरे गड्ढे में डूबने से बालक की मौत, शव रखकर सड़क जाम

Samastipur News: वैनी थाना क्षेत्र के चंदौली चकले वैनी सीमा के समीप जमुआरी नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के पानी भरे गड्ढे में स्नान करने के दौरान 16 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान चंदौली पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी गज्जू सहनी के पुत्र बालवीर कुमार के रूप में की गयी है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

घटना की सूचना मिलते ही वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले में कार्रवाई शुरू की. पानी भरे गड्ढे के किनारे बालवीर की चप्पल मिलने के बाद घटना को लेकर संदेह की स्थिति भी बनी. इसके बाद पुलिस प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गड्ढे में उसकी तलाश शुरू करायी.

 

गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव

पुलिस प्रशासन ने जेसीबी की मदद से डायवर्सन सहित अन्य निचले स्थानों को काटकर गड्ढे से पानी निकालने का प्रयास किया. स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से पानी से भरे गड्ढे से बालवीर का शव बाहर निकाला गया.घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन के अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. मौके पर सीओ वागीशा प्रियदर्शी, थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी सहित सशस्त्र बल मौजूद थे.

 

शव रखकर ताजपुर-पूसा मुख्य मार्ग जाम

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गये. लोगों ने पूसा रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप शव रखकर ताजपुर-पूसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया.खबर प्रेषण तक ग्रामीण आलाधिकारियों के जाम स्थल पर पहुंचने और उनकी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे थे. प्रमुख रविता तिवारी समेत अन्य लोग परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटे थे.

 

छह महीने से अधूरा पड़ा है पुल निर्माण कार्य

बताया गया कि जमुआरी नदी के उड़ाहीकरण के दौरान जंगाहीपुर से लेकर गंतव्य तक नदी पर बने सभी पुलों का नवनिर्माण कराया जा रहा है. इसी क्रम में करीब छह महीने पहले पुराने पुलों को तोड़ दिया गया था. पुल के बेस को मजबूत करने के लिए करीब 30 फीट नीचे से रड डालकर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है.

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह के अधूरे निर्माण कार्य से राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बारिश के समय स्थिति और कठिन हो जाती है. जमुआरी नदी पर निर्माणाधीन कमोबेश सभी पुलों की स्थिति एक जैसी बतायी जा रही है. पुराने पुलों को तोड़ने के बाद अब तक नये पुलों में से कोई भी यातायात के लिए पूरी तरह क्रियाशील नहीं हो पाया है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *