समस्तीपुर:महिला को तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत
समस्तीपुर: शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के सरहिला गांव स्थित रजमान टोला में मंगलवार की सुबह शौच के लिए घर से निकली एक महिला को तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया. हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया.मृतका की पहचान रजमान टोला निवासी अमरजीत मुखिया की 30 वर्षीय पत्नी दौलत देवी के रूप में हुई है.
घर से कुछ दूरी पर हुआ दर्दनाक हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि दौलत देवी मंगलवार की सुबह शौच के लिए घर से निकली थी. घर से कुछ दूरी पर गांव की सड़क से गुजर रहे तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया. हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. ग्रामीणों के अनुसार हादसा बेहद भीषण था.
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ शिवाजीनगर पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी दौलत देवी
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का परिवार काफी गरीब है. उसके पति बीमार रहते हैं. दौलत देवी गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी. उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं.महिला की मौत के बाद बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोते रहे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच-पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
